मध्य प्रदेश: अशोकनगर की शाढ़ौरा नगर परिषद अध्यक्ष अशोक माहौर ने क्यों कहा, "शर्मिंदा हूं कभी भी प्राण त्याग सकता हूं"


कोली टाइम्स ब्यूरो

मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में शाढ़ौरा के बीजेपी नगर परिषद अध्यक्ष अशोक माहौर ने सुसाइड की धमकी दी है। अशोक माहौर ने एक वीडियो जारी कर नगर पालिका के अधिकारियों और ठेकेदारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अध्यक्ष का कहना है कि वह कभी भी अपनी जान दे सकते हैं।

माहौर के इस सनसनीखेज बयान ने मध्य प्रदेश में अपनी ही सरकार के विकास के दावों की पोल खोल दी है। माहौर का कहना है कि वह अपने क्षेत्र में विकास कार्य नहीं करवा पाने से दुखी हैं। नगर परिषद अध्यक्ष ने कहाकि नगरवासियों ने उन्हें बड़ी उम्मीदों के साथ अध्यक्ष चुना था। लेकिन ढाई साल बीत जाने के बाद भी वे नगर का विकास नहीं कर पाए। अधिकारी उनकी बात नहीं सुनते इसलिए उनके नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। यह क्षेत्र केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का गढ़ माना जाता है। 

माहौर ने अपना वीडियो शुक्रवार को सुबह जारी किया है। सोशल मीडिया पर उनका वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में वह नगर वासियों से क्षमा मागंते हुए कहते नजर आ रहे हैं कि मुझे नगर  विकास के लिए अध्यक्ष चुना गया था, लेकिन अधिकारियों और ठेकेदारो की मिलीभगत से नगर में विकास नहीं होने से मैं मायूस हूं। उनका कहना है कि नगर पालिका के अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। वे अपनी मर्जी से ऑफिस आते हैं। ठेकेदारों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। इस वजह से मैं दुखी हूं और कभी भी अपने प्राण त्याग सकता हूं। मेरे प्राण त्यागने के लिए कौन-कौन जिम्मेदार है, उनके बारे में मैंने लिखकर अपने बच्चों के पास रख दिया है। 

अशोक माहौर का वीडियो उनके घर का बताया जा रहा है। वीडियो में वह बिस्तर पर बैठे हैं। उनके पीछे दीवार पर दो बंदूकें टंगी नजर आ रही हैं। बंदूकें असली है या नकली, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। लेकिन यह बंदूकें भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

नगर परिषद शाढ़ौरा मे 15 पार्षदों में से 9 पार्षद भाजपा के चुने जाने पर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चयन निर्विरोध हुआ था, लेकिन लगातार कई दिनों से यहां परिषद के अंदर आपसी खींचतान चल रही है। माहौर की खुदकुशी की धमकी के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है।