![]() |
महाराष्ट्र के भिवंडी से सांसद सुरेश गोपीनाथ म्हात्रे आगरी कोली समुदाय से आते हैं। |
18वीं लोकसभा में कोली समाज के 14 सांसद निर्वाचित हुए। उन्हीं में से एक नाम है सुरेश गोपीनाथ म्हात्रे। वह महाराष्ट्र के भिवंडी लोकसभा क्षेत्र से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरद पवार गुट के सांसद हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार कपिल मोरेश्वर पाटिल को हराकर ये सीट अपने नाम की। वे आगरी कोली समुदाय से आते हैं।
बारहवीं तक शिक्षा प्राप्त सुरेश गोपीनाथ म्हात्रे को क्षेत्र के लोग बाल्या मामा के नाम से भी जानते हैं। पेशे से व्यवसायी बाल्या मामा धरमवीर चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक भी हैं। भिवंडी के ज्यादातर कोली मछली का व्यापार करते हैं।
सुरेश गोपीनाथ म्हात्रे का जन्म 1971 में महाराष्ट्र के भिवंडी में हुआ था। उन्होंने 1987 में परशुराम धोंडू टावरे स्कूल से स्कूली शिक्षा पूरी की और 1989 में बीएनएन कॉलेज से उच्च शिक्षा प्राप्त की।
म्हात्रे शुरुआती राजनीति में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) से जुड़े थे। 2014 में, उन्होंने एमएनएस के टिकट पर भिवंडी सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन उनको भाजपा प्रत्याशी कपिल पाटिल से हार का सामना करना पड़ा। बाद में वह शिवसेना में चले गए। 2019 में म्हात्रे को यहां से टिकट नहीं मिला।
इसलिए अप्रैल 2019 में, उन्होंने भिवंडी से स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया। लेकिन बाद में मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के दबाव में नामांकन वापस ले लिया। उसके बाद, म्हात्रे एनसीपी में चले गए। 2022 में उन्होंने ठाणे में शरद गुट के राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के ग्रामीण जिला अध्यक्ष के रूप में कार्य किया।